

भारत ने BRICS समूह की 2026 की अध्यक्षता की औपचारिक शुरुआत कर दी है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में BRICS 2026 का आधिकारिक लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया। यह आयोजन मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर हुआ।
BRICS के 20 साल पूरे होने जा रहे हैं और भारत चौथी बार इसकी अध्यक्षता कर रहा है। नया लोगो भारत की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है, जिसमें कमल का फूल और ‘नमस्ते’ मुद्रा शामिल है। कमल की पंखुड़ियों में BRICS सदस्य देशों के रंग दिखाए गए हैं, जो विविधता में एकता का प्रतीक हैं।
कार्यक्रम के दौरान जयशंकर ने कहा कि दुनिया बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत वैश्विक व्यापार युद्ध या टैरिफ दबावों से घबराने वाला नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि BRICS कोई पश्चिम-विरोधी मंच नहीं, बल्कि गैर-पश्चिमी देशों का सहयोगी समूह है, जिसका उद्देश्य Global South की आवाज को मजबूत करना है।
विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ते हुए ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब बनने पर जोर देगा और अपनी रणनीतिक स्वायत्तता बनाए रखेगा।
