

रांची। राज्य सरकार ने भीषण गर्मी के मद्देनजर स्कूलों के समय में बदलाव का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग के अनुसार, KG से 8th तक की कक्षाएं अब सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक चलेंगी, जबकि नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था 26 अप्रैल से प्रभावी होगी और राज्य के सभी सरकारी, अर्धसरकारी, निजी, अल्पसंख्यक, सहायता प्राप्त व गैर-सहायता प्राप्त स्कूलों पर लागू होगी। संयुक्त सचिव नंदकिशोर लाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि यह समयसीमा अगले निर्देश तक जारी रहेगी। इस कदम का कारण राजधानी रांची समेत विभिन्न जिलों में लू के थपेड़ों और तापमान में भीषण वृद्धि को बताया गया है। पहले स्कूलों का समय दोपहर 2 बजे तक होने से बच्चों के बीमार पड़ने की घटनाएं बढ़ी थीं। आपदा प्रबंधन विभाग ने भी दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में न निकलने की चेतावनी जारी की है। चिकित्सकों ने भी गर्मी से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को देखते हुए स्कूली बच्चों के लिए विशेष सावधानी बरतने का सुझाव दिया है।
रांची में तापमान 42-44 डिग्री
रांची में वर्तमान में अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, वहीं पलामू, जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और धनबाद जैसे जिलों में यह 44 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। इन्हीं परिस्थितियों में स्वास्थ्य जोखिम को कम करने के लिए स्कूल समय में यह समायोजन किया गया है।
