

पलामू, झारखंड: छठ महापर्व की खुशियां पलामू के हुसैनाबाद इलाके में मातम में बदल गई हैं। खरना के पावन मौके पर, सोन नदी में नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में डूब गए हैं। यह हृदय विदारक घटना हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पोखराही गांव के पास हुई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
डूबने वालों में दो युवक बिहार के थे, जो छठ के लिए अपने ससुराल आए थे। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
- अंकुश पासवान (22 वर्ष, शेरघाटी, बिहार) – ये पोखराही गांव में अपने ससुराल आए थे।
- आदर्श चंद्रवंशी (22 साल, इटवा, नबीनगर, बिहार)
- रजनीश चंद्रवंशी (23 साल, पोखराही, झारखंड)
ग्रामीणों के मुताबिक, युवकों का एक समूह सोन नदी में स्नान के लिए गया था, लेकिन पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण अंकुश, आदर्श और रजनीश उसमें समा गए। कुछ अन्य युवक सुरक्षित किनारे लौटने में सफल रहे।
सन्नाटा और खोजबीन: इस हादसे के बाद पोखराही गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, और नदी किनारे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद के दंगवार ओपी प्रभारी सोनू कुमार सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
दंगवार के मुखिया अमरेंद्र ठाकुर ने मौके पर मौजूद रहकर बताया, “स्थानीय गोताखोरों को नदीं में डूबे युवकों की खोजबीन के लिए लगाया गया है। अभी तक उनका कुछ पता नहीं लग पाया है।“
गोताखोर और प्रशासन की टीम पूरी शिद्दत से तीनों युवकों को तलाशने में जुटी है। छठ जैसे पवित्र पर्व के दौरान हुए इस दुखद हादसे से हर कोई गमगीन है।