
ट्रेविस हेड का ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम को जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई

– आस्ट्रेलिया के पुछल्ले बल्लेबाजों ने टीम की नैया पार कराई
– मिचेल स्टार्क व पैट कमिंस ने 3-3 विकेट हासिल किए
रांची। ICC Cricket World Cup 2023 के फाइनल में आस्ट्रेलिया का सामना 19 नवंबर को अहमदाबाद में भारत से होगा। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए दूसरे सेमीफानल मुकाबले में आस्ट्रेलिया ने कड़े संघर्ष के बाद दक्षिण अफ्रीका को 3 विकेट से हराया। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने पहले खेलते हुए 49.4 ओवर में 212 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके जवाब में कंगारू टीम ने 47.2 ओवर में 7 विकेट खोकर 215 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से ट्रेविस हेड ने शानदार अर्धशतक जड़ा। हेड ने महत्वपूर्ण 62 रनों की पारी खेली। इसके अलावा स्टीवन स्मिथ ने 30, डेविड वार्नर ने 29 व जोश इंग्लिस ने 28 रनों का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका टीम की लड़खड़ाती पारी को अकेले डेविड मिलर ने संभाला। डेविड मिलर (101 रन) की शतकीय पारी बेकार चली गई। आस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने 34/3, पैट कमिंस ने 51/3, जोश हेजलवुड ने 12/2 व ट्रेविस हेड ने 21/2 विकेट हासिल किए।
मिलर का संघर्षपूर्ण शतक बेकार गया
डेविड मिलर ने विश्व कप 2023 सेमीफाइनल में टीम को परेशानी से बाहर निकालने के लिए अपने सभी अनुभव का प्रदर्शन करते हुए 115 गेंदों में शतक लगाया। लेकिन यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। एक समय दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 4 विकेट पर 24 और फिर 6 विकेट पर 119 रन था, लेकिन मिलर ने कठिन पिच पर ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण के सामने योद्धा की तरह खड़े रहे। डेविड मिलर ने विश्व कप नॉकआउट में दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए पिछले सर्वश्रेष्ठ स्कोर – विश्व कप 2015 सेमीफाइनल में फाफ डु प्लेसिस के 82 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 48वें ओवर में पैट कमिंस की गेंद पर आउट होने से पहले मिलर ने 8 चौके और 5 छक्के लगाए।
मिलर-क्लासेन ने की 95 रनों की बड़ी साझेदारी
दक्षिण अफ्रीका का शीर्ष क्रम ढह जाने के बाद मिलर और हेनरिक क्लासेन ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए टीम को संकट से बाहर निकाला। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवे विकेट के लिए 95 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को ट्रेविस हेड ने तोड़ा, जब हेड ने 31वें ओवर में क्लासेन और ऑल-राउंडर मार्को जानसन को लगातार गेंदों पर आउट किया। इसके बाद मिलर ने निचले क्रम के बल्लेबाज गेराल्ड कोएत्ज़ी के साथ 53 रन की साझेदारी की, जिससे दक्षिण अफ्रीका 200 रन के आंकड़े के करीब पहुंच सकी।
