
रांची:पारस एचईसी हॉस्पिटल द्वारा आयोजित ‘स्ट्राइड ऑफ चैंपियंस’ कार्यक्रम में घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण सर्जरी करा चुके मरीजों ने रैंप वॉक कर नई जिंदगी की प्रेरक मिसाल पेश की। होटल रमाडा में आयोजित इस कार्यक्रम में मरीजों ने अपनी सफल रिकवरी की कहानियां साझा करते हुए बताया कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और सही देखभाल से सर्जरी के बाद भी सामान्य और सक्रिय जीवन संभव है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विवेक डेविड और उनकी टीम की देखरेख में उपचार प्राप्त कर चुके मरीजों ने भाग लिया। डॉ. विवेक डेविड ने कहा कि घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण मरीजों को नया जीवन देने की प्रक्रिया है और उन्हें आत्मविश्वास के साथ चलते देखना सबसे बड़ी उपलब्धि है।
फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ. नीतेश कुमार ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों के मन से सर्जरी को लेकर डर और भ्रांतियों को दूर करना है। कार्यक्रम में मरीजों और उनके परिजनों ने चिकित्सकों के प्रति आभार जताया तथा उपस्थित लोगों ने प्रतिभागियों के जज्बे और आत्मविश्वास की सराहना की।
