
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा- निर्वाचन कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं; लापरवाह बीएलओ को हटाकर नए की करें नियुक्ति।
रांची। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) के. रवि कुमार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े कार्यों में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ज़िला उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीईओ ने उप निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर्स) एसआईआर के कार्यों में आनाकानी कर रहे हैं, उनकी रिपोर्ट उनके पैतृक विभाग को भेजी जाए। ऐसे लापरवाह बीएलओ को तत्काल निलंबित कर उनकी जगह नए बीएलओ की नियुक्ति की जाए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि सभी स्तर के पदाधिकारियों के लिए निर्वाचन के लिए आवंटित कार्य को पूरा करना अनिवार्य है।
के. रवि कुमार ने आगामी एसआईआर को आसान बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान मतदाता सूची का अधिक से अधिक वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग (Parental Mapping) सुनिश्चित करें। इससे मतदाताओं को प्रपत्र भरने में आसानी होगी। सीईओ ने सभी पदाधिकारियों को क्षेत्र का दौरा करने, मैपिंग की समस्याओं का निरीक्षण करने और कार्य में तेज़ी लाने के निर्देश भी दिए।
