
अमरावती/श्रीकाकुलम: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जहां काशीबुग्गा स्थित विजया वेंकटेश्वर मंदिर (Kasibugga Venkateswara Swamy Temple) में मची भगदड़ ने 10 श्रद्धालुओं की जान ले ली। इस घटना में कई अन्य भक्त गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
देवउठनी एकादशी पर जुटी थी भारी भीड़
यह हृदय विदारक घटना कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर हुई। मान्यता है कि इस दिन बड़ी संख्या में भक्त भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन के लिए यहां उमड़ते हैं। इसी वजह से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी, जिनमें ज्यादातर महिलाएँ थीं।
ऐसे मची भगदड़, रेलिंग बनी काल
मंदिर में दर्शन के लिए लगी कतारों को व्यवस्थित करने के लिए लगाई गई रेलिंग अचानक टूट गई, जिसके चलते कतार में लगे श्रद्धालु नीचे गिर गए और अफरातफरी मच गई। यह भगदड़ ही 10 लोगों की मौत का कारण बनी। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर की महत्ता के कारण यहां काफी भीड़ होती है, लेकिन इतनी बड़ी दुर्घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया है। बचाव कार्य तेजी से जारी है, लेकिन मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख
राज्य के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ की घटना से वह स्तब्ध हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम संभव उपचार प्रदान किया जाए।
वहीं, मंत्री नारा लोकेश ने भी इस घटना को एक बड़ी त्रासदी बताते हुए पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए अधिकारियों से बात की है।
यह हादसा एक बार फिर देश के बड़े धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) और सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है।