

पाकिस्तान का अगला मुकाबला 9 जून को भारत के साथ
रांची। अमेरिका ने टी-20 विश्व कप 2024 का पहला बड़ा उलटफेर कर दिया। अमेरिका ने ग्रुप-ए के मैच में पाकिस्तान को सुपरओवर में 5 रन से हरा दिया। यह मुकाबला टेक्सास के डलास के ग्रैंड प्रियरी स्टेडियम में खेला गया। पाकिस्तान की टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। इसके जवाब में मेजबान अमेरिका की टीम भी 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 159 रन बना सकी। इसके बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा। अमेरिका ने सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए मो आमिर के ओवर में 18 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम छह गेंद पर 13 रन ही बना सकी। पाकिस्तान का यह टी20 विश्व कप 2024 में पहला मैच था और उसी में उन्हें अपने से कहीं कमजोर अमेरिका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ अमेरिका की टीम ग्रुप-ए में दो जीत और चार अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, भारत एक मैच के बाद दो अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान का अगला मैच 9 जून को भारत से है। वहीं, अमेरिका की टीम अब 12 जून को भारत से भिड़ेगी।
आमिर के सुपर ओवर में बने 18 रन
मैच टाई होने के बाद पाकिस्तान की ओर से मो आमिर ने गेंदबाजी कर टीम की डुबा दिया। आमिर के ओवर में की पहली ही गेंद पर चौके लगे। दूसरी गेंद पर 2 रन बने। तीसरी गेंद पर 1 रन, चौथी गेंद पर वाइड से 2 रन, फिर 1 रन। 5वीं गेंद पर वाइड से फिर 2 रन, फिर 2 रन। छठी गेंद पर वाइड से 3 रन, फिर 1 रन व रन आउट भी हुए। अमेरिका के बल्लेबाजों ने 1 विकेट खोकर 18 रन बनाए।
नेत्रवलकर की शानदार गेंदबाजी
पाकिस्तान को जीत के लिए एक ओवर में 19 रन चाहिए थे। गेंदबाजी की कमान नेत्रवलकर ने संभाली। पहली गेंद पर इफ्तिखार ने कोई रन नहीं बनाए। दूसरी गेंद पर इफ्तिखार ने 4 रन बनाए। तीसरी गेंद पर 1रन वाइड से बने, फिर इसी गेंद पर इफ्तिखार को आउट किया। चौथी गेंद पर 1 रन वाइड से बने, फिर इसी गेंद पर 4 रन लेग बाइ से आए। 5वीं गेंद पर शादाब ने 2 रन लिए। छठी गेंद पर शादाब ने 1 रन लिए। इस तरह नेत्रवलकर ने अपनी ओवर में 13 रन दिए व टीम को 5 रन से जीत दिलाने में मुख्य भूमिका निभाई।
संक्षिप्त स्कोर
पाकिस्तान : 159/7 (20), बाबर आजम 44, शादाब खान 40 व अफरीदी 23* रन। केंजीगे 30/3 व नेत्रवलकर 18/2 विकेट। अमेरिका : 159/3 (20), मोनांक पटेल 50, आरोन जोंस 36* व गौस 35 रन।
सुपर ओवर : अमेरिका- 18/1 (1), पाकिस्तान- 13/1 (1)
Man of the match : Monank Dilipbhai Patel
टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा उलटफेर
2007 में जिम्बाब्वे ने आस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया।
2009 में नीदरलैंड्स ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराया।
2014 में नीदरलैंड्स ने इंग्लैंड को 45 रन से हराया।
2014 में हॉन्ग कॉन्ग ने बांग्लादेश को 2 विकेट से हराया।
2022 में नामीबिया ने श्रीलंका को 55 रन से हराया।
2022 में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को 1 रन से हराया।
2022 में आयरलैंड ने इंग्लैंड को 5 रन (DLS) से हराया।
2022 में नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका को 13 रन से हराया।
2024 में अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराया।
