

इरफान पठान के गेंदबाजों की खूब धुनाई हुई
रांची। Legends League Cricket सीजन-2 की शुरुआत रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हो गई। पहला मुकाबला गौतम गंभीर की इंडिया कैपिटल्स व इरफान पठान की भीलवाड़ा किंग्स के बीच शुरू हुई। भीलवाड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले इंडिया कैपिटल्स की टीम को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। इंडिया कैपिटल्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 228 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। इंडिया कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दक्षिण अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज रहे हाशिम अमला 3 रन बनाकर अनुरित की गेंद पर विकेटकीपर दिलशान को आसान सा कैच दे बैठे। इसके बाद टीम के कप्तान व सांसद गौतम गंभीर ने क्रिक एडवर्डस के साथ दूसरे विकेट के लिए 107 रनों की बड़ी साझेदारी कर टीम को मजबूत कर दिया।
कप्तान ने 63 व एडवर्डस ने बनाए 59 रन
इंडिया कैपिटल्स के कप्तान गौतम गंभीर ने दे दनादन स्टाइल में बल्लेबाजी शुरू की। गंभीर ने अपने 63 रनों के दौरान 35 गेंदों का सामना कर 8 चौके व 2 छक्के लगाए। गंभीर को राहुल शर्मा ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद क्रिक एडवर्डस ने भी अर्धशतक जड़ा। एडवर्डस ने 31 गेंदों का सामना कर 5 चौके व 4 छक्के जड़े। एडवर्डस 59 रन बनाकर राहुल शर्मा के गेंद पर आउट हुए। आस्ट्रेलिया के बेन डंक ने तेजी से 16 गेंदों में 3 चौके व 3 छक्के के सहारे 37 रनों का योगदान दिया।
