
लखनऊ/जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन में तैनात IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही का तबादला कर दिया गया है। उन्हें जालौन SDM पद से हटाकर उरई में न्यायिक SDM बनाया गया है। यह फैसला BJP ब्लॉक प्रमुख के साथ हुए विवाद के कुछ दिनों बाद आया है।
23 जून को बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज के निरीक्षण के दौरान रिंकू सिंह राही और BJP ब्लॉक प्रमुख राम राजा सिंह निरंजन के बीच तीखी बहस हुई थी। घटना का CCTV वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
रिंकू सिंह राही वही अधिकारी हैं जिन्होंने 2009 में 80 करोड़ रुपये के छात्रवृत्ति घोटाले का खुलासा किया था। इस खुलासे के बाद उन पर जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी।
हालांकि प्रशासन ने तबादले का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है, लेकिन इस फैसले को हालिया विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों की जांच जारी है।
