
मोगा: पंजाब के मोगा जिले के एक किसान की किस्मत ने ऐसा पलटा खाया कि वर्षों की मेहनत और इंतजार आखिरकार रंग ले आया। 65 वर्षीय किसान चरणजीत सिंह ने पंजाब स्टेट डियर बम्पर लॉटरी में 50 लाख रुपये का इनाम जीतकर अपनी जिंदगी बदल दी। खास बात यह है कि वह पिछले 17 वर्षों से लगातार लॉटरी टिकट खरीद रहे थे और इस बार उनकी किस्मत ने उनका साथ दे दिया।
13 लाख के कर्ज के बीच नहीं छोड़ी उम्मीद
चरणजीत सिंह छोटे स्तर पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित जमीन और करीब 13 लाख रुपये के कर्ज के बावजूद उन्होंने कभी हिम्मत नहीं हारी। बचपन से बोलने में परेशानी होने के बावजूद वे लगातार मेहनत करते रहे और हर साल लॉटरी में अपनी किस्मत आजमाते रहे।
पहले जीते 20 हजार, फिर खरीदी आखिरी टिकट
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले चरणजीत सिंह को 20 हजार रुपये की लॉटरी लगी। इनाम लेने जब वे लॉटरी एजेंट के पास पहुंचे तो एजेंट ने उन्हें पंजाब स्टेट डियर बम्पर की आखिरी बची हुई टिकट 1000 रुपये में खरीदने की सलाह दी। चरणजीत सिंह ने बिना देर किए टिकट खरीद ली और यही टिकट उनके लिए किस्मत का दरवाजा बन गई। कुछ ही समय बाद परिणाम घोषित हुआ और उन्होंने 50 लाख रुपये का बंपर इनाम जीत लिया।
परिवार में खुशी का माहौल
परिवार के सदस्य शमशेर सिंह मट्टू जोहल ने बताया कि चरणजीत सिंह बेहद ईमानदार और मेहनती व्यक्ति हैं। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। आर्थिक तंगी और कर्ज के बावजूद उन्होंने कभी उम्मीद नहीं छोड़ी। अब वे इस पुरस्कार राशि से सबसे पहले अपना कर्ज चुकाना चाहते हैं और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए राशि का उपयोग करेंगे।
धैर्य और उम्मीद की मिसाल बनी कहानी
चरणजीत सिंह की कहानी सिर्फ एक लॉटरी जीतने की नहीं है, बल्कि यह धैर्य, उम्मीद और लगातार प्रयास की प्रेरणादायक मिसाल भी है। 17 वर्षों तक लगातार कोशिश करने के बाद मिली यह सफलता आज कई लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है।
