

झारखंड लेटेस्ट न्यूज
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से रांची-पटना वंदे भारत ट्रेन को 11.10 मिनट में हरी झंडी दिखाई। साथ ही 4 अन्य वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी देकर रवाना किया। इनमें हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, रानी कमलापति जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, खजुराहो-भोपाल-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस, धारवाड़-बंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। रांची से खुलने वाली ट्रेन को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मौके पर राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, सांसद, डीआरएम रांची रेल व अन्य गणमान्य लोग इस पल का गवाह बनें। रांची स्टेशन के प्लेटफॉर्म का रंग रोगन चार-चांद लगा दिया था। इस पल को अपने मोबाइल में कैद करने को लेकर युवा बेताब दिखे।
सप्ताह में 6 दिन चलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 02439 रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 27 जून को रांची से उद्घाटन के बाद प्रस्थान करेगी। वंदे भारत स्पेशल ट्रेन का परिचालन पटना तक होगा। पटना-रांची-पटना, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन 28 जून से किया जाएगा। ट्रेन संख्या 22349 पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दिनांक 28 से सप्ताह में छह दिन (मंगलवार छोड़ कर) पटना से प्रस्थान करेगी।
पटना से सुबह 7 बजे रांची के लिए छुटेगी ट्रेन
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पटना प्रस्थान 7 बजे, गया आगमन 8:25 बजे प्रस्थान 8:35 बजे, कोडरमा आगमन 9:35 बजे प्रस्थान 9:37 बजे, हजारीबाग टाउन आगमन 10:33 बजे प्रस्थान 10:35 बजे, बरकाकाना आगमन 11:35 बजे प्रस्थान 11:40 बजे, मेसरा आगमन 12:20 बजे प्रस्थान 12:22 बजे व रांची आगमन दिन के 1 बजे होगा।
रांची से दिन के 4.14 बजे निकलेगी पटना के लिए
ट्रेन संख्या 22350 रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दिनांक 28 से सप्ताह में छह दिन (मंगलवार छोड़ कर) रांची से प्रस्थान करेगी। रांची प्रस्थान 4:15 बजे, मेसरा आगमन 4:35 बजे प्रस्थान 4:37 बजे, बरकाकाना आगमन 5:30 बजे प्रस्थान 5:35 बजे, हजारीबाग टाउन आगमन 6:30 बजे प्रस्थान 6:32 बजे, कोडरमा आगमन 7:30 बजे प्रस्थान 7:32 बजे, गया आगमन रात 8:45 बजे प्रस्थान 8:55 बजे व पटना आगमन 10:05 बजे होगा।
रांची में किराया ज्यादा, पटना में कम
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में रांची से पटना के लिए वातानुकूलित चेयर कार का किराया 1175 रुपए व एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 2110 रुपए रखा गया है। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में पटना से रांची के लिए वातानुकूलित चेयर कार का किराया 1025 रुपए एवं एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 1930 रुपए है। इस ट्रेन में आरक्षण की सुविधा शुरू हो गई है।
News Box Bharat latest news
